
रायपुर(काकाखबरीलाल)। छत्तीसगढ़ के प्रयाग के नाम से प्रसिद्ध राजिम में माघी पुन्नी मेला 27 फरवरी से शुरू होकर 11 मार्च महाशिवरात्रि तक चलेगा। त्रिवेणी संगम स्नान के लिए 27 फरवरी माघ पूर्णिमा, 6 मार्च जानकी जयंती और 11 मार्च महाशिवरात्रि को विशेष पर्व रहेगा। मेले का शुभारंभ 27 फरवरी को शाम 5 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत करेंगे। शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री ताम्रध्वज साहू करेंगे।इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टी.एस. सिंहदेव, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा, संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, लोकसभा सांसद चुन्नीलाल साहू एवं सुनील सोनी, संसदीय सचिव सर्वश्री विकास उपाध्याय, चिंतामणि महाराज एवं कुंवर सिंह निषाद, विधायक सर्व धनेन्द्र साहू, अमितेष शुक्ल, डमरूधर पुजारी, अजय चंद्राकर एवं लक्ष्मी धु्रव उपस्थित रहेंगी।























