राजनांदगांव

छत्तीसगढ़ के इस जिले में नक्सलियों के टारगेट पर अब जनप्रतिनिधि, पुलिस ने पंचायत प्रतिनिधियों को गांव छोडऩे की दी सलाह

राजनांदगांव(काकाखबरीलाल)। जिले के माओवाद प्रभावित क्षेत्र मानपुर में पुलिस मुखबिर के शक में हुई हत्याओं के बाद इलाके में खौफ का माहौल है और अब पुलिस ने इलाके के जनप्रतिनिधियों को नोटिस की शक्ल में पत्र जारी कर यहां से सुरक्षित स्थान में चले जाने कहा है। पुलिस के इस पत्र के बाद मानपुर क्षेत्र के सरपंचों और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों में चिंता पैदा हो गई है। राजनांदगांव जिले के मानपुर क्षेत्र में गणतंत्र दिवस के एक दिन पहले माओवादियों ने कोहका थाना अंतर्गत ग्राम कमखेड़ा निवासी इन्दर साय मंडावी 65 साल व ग्राम मुरारपानी निवासी दानसाय घावड़े 30 साल की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। ये दोनों इलाके के पंचायत प्रतिनिधियों के रिश्तेदार थे। इस घटना के बाद से माना जा रहा था कि माओवादियों ने क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों को निशाना बनाने की रणनीति तैयार कर ली है। इसे लेकर खौफ का माहौल था और अब पुलिस की पंचायत प्रतिनिधियों को लिखी गई चि_ी के साथ और भी भय का माहौल बन रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सुरक्षा का वातावरण बनाने के लिए और जनप्रतिनिधियों को सचेत करने के लिए इस तरह का पत्र जारी किया गया है।
पत्र में यह
मानपुर थाना प्रभारी द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों को नोटिस के रुप में जारी पत्र में कहा गया है कि मानपुर क्षेत्र में हाल के दिनों में प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के सदस्यों द्वारा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और आदिवासी ग्रामीणों को पुलिस मुखबिर बताकर टारगेट कर उनकी हत्या की गई है। पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि माओवादी आपको (अन्य जनप्रतिनिधियों) को भी टारगेट कर घटना को अंजाम दे सकते हैं।
छोड़ दें अपना गांव
पंचायत प्रतिनिधियों के नाम से जारी पुलिस की नोटिस में कहा गया है कि वे दूरस्थ अंदरुनी क्षेत्रों में न रहकर किसी सुरक्षित स्थल या फिर अपने किसी रिश्तेदार के घर चले जाएं। नोटिस में कहा गया है कि माओवादी गतिविधियों से संबंधित जानकारी मिलने पर वे तत्काल पुलिस को सूचना दें ताकि सुरक्षा व्यवस्था की जा सके।
नोटिस से मचा हड़कंप
लगातार माओवादी घटनाओं के बाद राजनांदगांव के पुलिस कप्तान डी श्रवण ने दो दिन कैम्प कर माओवाद प्रभावित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों में भरोसा कायम करने का काम किया था और घटना में मृत परिवारों से मुलाकात कर सुरक्षा का वादा किया था लेकिन अब स्थानीय पुलिस के इस तरह के पत्र से माओवाद प्रभावित इलाके के पंचायत प्रतिनिधियों में हड़कंप की स्थिति है। डी. श्रवण, एसपी राजनांदगांव ने कहा कि थाने की ओर से सुरक्षा बरतने के लिए पत्र जारी किया गया है। पुलिस इलाके के सभी जनप्रतिनिधियों को पूरी तरह सुरक्षा मुहैया कराने का काम करेगी।

Related Articles
AD#1

Ramkumar Nayak

हर खबर पर काकाखबरीलाल की पैनी नजर.. जिले के न. 01 न्यूज़ पॉर्टल में विज्ञापन के लिए आज ही संपर्क करें.. 09111068624

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!