विश्वविद्यालय- कॉलेज खोलने पर कुलपति सहमत, अंतिम फैसला सरकार पर छोड़ा

रायपुर(काकाखबरीलाल)। छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा विभाग विश्वविद्यालय महाविद्यालय खोलने की तैयारी कर रहा है। पिछले दिनों प्रदेश के विश्वविद्यालयों में पदस्थ कुलपतियों ने उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में चरणबद्ध तरीके से विविद्यालय महाविद्यालय खोलने पर सहमति जताई है।
प्रदेश के कुलपतियों की सहमति को बंद लिफाफे में उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य शासन को भेजी है। उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है, कि विश्वविद्यालय महाविद्यालय खोलने पर अंतिम निर्णय राज्य सरकार का होगा। राज्य सरकार का निर्देश आने के बाद ही प्रदेश में विश्वविद्यालय महाविद्यालय खुल सकेंगे।
एक क्लास में बैठेंगे 15 छात्र
उच्च शिक्षा विभाग और प्रदेश के कुलपतियों के बीच हुई बैठक में मौजूद सूत्रों की मानें तो प्रदेश के कुलपतियों ने प्रत्येक क्लास में 15 छात्र के प्रवेश पर सहमति जताई है। इसके साथ ही समय-समय पर विश्वविद्यालय और महाविद्यालय का परिसर को सेनीटाइज किया जाए, यह अनुशंसा की है। जिन विश्वविद्यालयों में सिलेबस पिछड़ा है और जहां पूरी सुविधा है, उन विश्वविद्यालयों एवं उनके अधीनस्थ महाविद्यालयों को पहले खोला जाए, ऐसी चर्चा हुई है।
आदेश जारी हो सकता है इस हफ्ते
उच्च शिक्षा विभाग के सूत्रों की मानें तो कुलपतियों की शर्त पर प्रदेश में विश्वविद्यालय-महाविद्यालय खुलने के संबंध में इस हफ्ते निर्देश आ सकता है।
पिछले दिनों प्रदेश के कुलपतियों और विभागीय अधिकारियों के बीच बैठक में चरणबद्ध तरीके से विश्वविद्यालय महाविद्यालय खुलने का प्रपोजल एकमत हुआ था। प्रदेश के कुलपतियों के विचार से राज्य शासन को अवगत कराया गया है। कमेटी की रिपोर्ट पर अभी अनुमोदन नहीं हुआ है। राज्य सरकार के निर्देश के बाद ही प्रदेश में विश्वविद्यालय महाविद्यालय खुलेंगे।
शारदा वर्मा, आयुक्त, उच्च शिक्षा विभाग

























