गांव के कुछ लोगों ने किसान के 5 एकड़ की फसल को छोड़ा मवेशियों के हवाले

धमतरी(काकाखबरीलाल)। एक किसान की पांच एकड़ जमीन में लगी धान की फसल को कुछ लोगों ने मवेशियों को छोड़कर चरा दिया। इससे उसे काफी नुकसान हुआ है। शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। किसान ने कहा है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह परिवार समेत आत्मदाह कर लेगा।
उल्लेखनीय है कि महानदीजलाशय परियोजना के दुधावा बांध प्रभावित किसान ओमप्रकाश साहू (40) को राज्य सरकार से व्यवस्थापन के रूप में ग्राम सलोनी (छोरी) गांव में करीब 18 एकड़ जमीन मिली है।
कार्रवाई नहीं हुई
14 जुलाई को गांव के कुछ लोगों ने उनकी 5 एकड़ की खड़ी फसल को मवेशियों से चराकर नष्ट कर दिया। किसान ओमप्रकाश ने केरेगांव थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन संबंधितों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस मामले को संज्ञान में लेकर प्राथमिकता से जांच करवाता हूं। जांच में जो भी दोषी पाया जाता है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बीपी राजभानु, एसपी




























