पीएटी, पीपीएचटी , पीपीटी और बीएड की प्रवेश परीक्षाओं के लिए आवेदन अब 15 मई तक

(रायपुर काकाखबरीलाल). प्री एग्रीकल्चर टेस्ट (पीएटी), प्री फार्मेसी टेस्ट (पीपीएचटी), प्री पॉलिटेक्निक टेस्ट (पीपीटी) और बीएड की प्रवेश परीक्षाओं के लिए आवेदन अब 15 मई तक स्वीकार किए जाएंगे। व्यापमं ने एक बार फिर फार्म भरने की तारीख बढ़ायी है। एंट्रेंस टेस्ट का आयोजन कब किया जाएगा इस संबंध में अभी कोई सूचना जारी नहीं हुई है। पीएटी, पीपीएचटी, पीपीटी समेत सात परीक्षाओं के लिए आवेदन की तारीख बढ़ायी गई है। इसमें इंजीनियरिंग व एमसीए की प्रवेश परीक्षा भी शामिल है। शिक्षाविदों ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया मार्च से शुरू है। लेकिन लॉकडाउन की वजह से कई कोर्स के लिए आवेदन कम मिले हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया होने के बाद भी लॉकडाउन की अवधि में छात्रों को फार्म भरने में कठिनाई हो रही है। क्योंकि, बड़ी संख्या में ऐसे छात्र हैं जो फार्म भरने के लिए साइबर कैफे जाते हैं। यह अभी बंद है। इसलिए परेशानी है। वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र फार्म भरने के लिए शहर आते हैं। शहर आने में अभी दिक्कत है। इसे लेकर फार्म भरने के लिए फिर से मौका दिया गया है। अब विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं के आवेदन 15 मई तक किए जा सकते हैं। व्यापमं से विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं का आयोजन कब होगा इसकी तारीख अभी तय नहीं है। सूत्रों के मुताबिक बोर्ड परीक्षा की तारीख सामने आने और इसकी तारीख तय होगी। अभी दसवी-बारहवी की बोर्ड की स्थगित परीक्षाओं की तारीख अभी तय नहीं की गई है। संभावना है कि मई के आखिरी सप्ताह से परीक्षा शुरू होगी। गौरतलब है कि लॉकडाउन से पहले, व्यापमं ने मई से प्रवेश परीक्षा शुरू करने की योजना बनायी थी। इसके अनुसार शेड्यूल भी जारी किया गया था। राज्य के विभिन्न शिक्षण संस्थान जैसे इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि कॉलेज समेत अन्य दाखिले के लिए यह प्रवेश परीक्षा जरूरी है। इसके नतीजों के आधार पर काउंसिलिंग की जाती है। इसके माध्यम ही छात्रों के बीच सीटें आबंटित की जाती है। मई महीना शुरू हो चुका है। प्रवेश परीक्षाओं के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 15 मई तय की गई है।


























