बेटियों के प्रति समाज के सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाने की जरूरत: कलेक्टर

काकाखबरीलाल रायगढ़:> कलेक्टर श्री यशवंत कुमार ने विगत दिवस कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में पोस्ट कन्सेप्शन एण्ड पोस्ट नेटल डायग्नोस्टिक टेक्नीक एक्ट (पी.सी. एण्ड पी.एन.डी.टी. एक्ट) के संबंध में सोनोग्राफी सेंटर संचालक एवं चिकित्सकों की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर श्री यशवंत कुमार ने कहा कि सामाजिक धारणाओं के चलते समाज में बेटी होने पर भू्रण हत्या जैसे कृत्य होते है, जो कि दुर्भाग्यजनक है। यह धारणा समाज में पढ़े-लिखे लोगों में भी दिखाई देती है। उन्होंने सोनोग्राफी सेंटर के संचालक से कहा कि आप सभी जन सामान्य में बेटियों के प्रति जागरूकता लाएं और लोगों को समझाते रहे कि बेटा एवं बेटी एक समान है। समाज में बेटियों के प्रति सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाने की जरूरत है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन.केशरी से कहा कि जिले के सभी सोनोग्राफी सेंटर में लगे एक्टिव ट्रेकर मशीन का निरंतर निरीक्षण करते रहे और इसके लिए शेड्यूल बनाकर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाएं। उन्होंने कहा कि जिले में भू्रण हत्या पर रोक लगाने के लिए एक्टिव ट्रेकर मशीन का सुचारू संचालन पूरी कड़ाई से सुनिश्चित करना है।
कलेक्टर ने चिकित्सकों से कहा कि वे बायोमेडिकल वेस्ट को पृथक करने वाली तकनीक का उपयोग करने पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि इसके लिए अलग से प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बायो मेडिकल वेस्ट के पृथककरण के लिए सुरक्षा मापदण्डों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है और इस दिशा में कार्य करने की जरूरत है।
इस अवसर पर पंजीकृत सोनोग्राफी सेंटर, ऑनलाईन फार्म-एफ., मितानिनों द्वारा सत्यापन, लिंगानुपात एवं अन्य विषयों पर चर्चा की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.केशरी ने बताया कि 15 जुलाई 2015 को एक्टिव ट्रेकर मशीन लगाया गया था। जिले में कुल 28 पंजीकृत सोनोग्राफी सेंटर है। जिनमें से 25 सोनोग्राफी सेंटर वर्तमान में कार्य कर रहे है। पी.सी. एण्ड पी.एन.डी.टी. एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. के.डी.पासवान ने बताया कि संचालित सोनोग्राफी सेंटर में लगे एक्टिव ट्रेकर लगाए गए मशीनों की संख्या 33 है। उन्होंने बताया कि 2016-17 में लिंगानुपात 934, 2017-18 में 959, 2018-19 में 964, 2019-20 (अप्रैल 2019 एवं मई 2019)की स्थिति में 923 है। इस अवसर पर पी.सी. एण्ड पी.एन.डी.टी. एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. के.डी. पासवान, डी.पी.एम. श्री गनपत नायक एवं सभी सोनोग्राफी सेंटर के संचालक एवं चिकित्सक उपस्थित थे।


























