रक्षाबंधन पर्व पर बच्चों ने बांधा भाईचारे और स्नेह का धागा

नंदकिशोर अग्रवाल, काकाखबरीलाल @पिथौरा। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला कसहीबाहरा में रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को राखी बांधकर प्रेम, स्नेह, भाईचारे एवं आपसी सद्भाव का संदेश दिया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया, जिससे विद्यालय का वातावरण पर्वमय हो गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था प्रमुख हेमंत खुटे ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सुरक्षा और जिम्मेदारी का प्रतीक है। यह पर्व हमें एक-दूसरे की रक्षा करने तथा आपसी प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के महत्व को समझते हुए जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिक्षक दिलीप कुमार पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के पवित्र प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को बताया कि हमें केवल अपने परिवार के सदस्यों के प्रति ही नहीं, बल्कि समाज में सभी के प्रति सहयोग, सम्मान और सुरक्षा की भावना रखनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे की कलाई पर राखी बांधकर एकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने पूरे उत्साह और आनंद के साथ सहभागिता की।






























