चिरायु योजना बनी जीवनदायिनी: निःशुल्क हृदय उपचार से त्रिशांत को मिला नया जीवन

धमतरी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बन रही हैं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत संचालित चिरायु योजना ने एक गरीब परिवार के बच्चे त्रिशांत को समय पर हृदय रोग की पहचान और लाखों रुपये का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराकर नया जीवन दिया।
त्रिशांत के माता-पिता ने भावुक होकर बताया कि जब उन्हें बच्चे की हृदय संबंधी बीमारी का पता चला तो उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। महंगे इलाज का खर्च उठाना उनके लिए असंभव था। उन्होंने कहा कि यदि चिरायु टीम स्कूल में स्वास्थ्य जांच के लिए नहीं पहुंचती, तो बीमारी का समय पर पता ही नहीं चल पाता। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस पहल ने उनके बेटे को नया जीवन और परिवार की खुशियां वापस लौटा दीं।
जिले में चिरायु टीम का यह कार्य इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाएं केवल जांच तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के जन्मजात विकारों और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर उनके संपूर्ण उपचार तक जिम्मेदारी निभा रही हैं। आरबीएसके के माध्यम से बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य प्रदान करने की दिशा में लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है और बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव रख रही है।































