प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत सानटेमरी पिथौरा में 77 करोड़ रुपए लागत के 44 सड़कों का भूमिपूजन

ग्रामीण सड़कों की स्वीकृति से आर्थिक उन्नति के द्वार खुलेंगे – सांसद श्रीमती चौधरी,
काकाखबरीलाल@डेस्करिपोर्ट। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत जिले के पिथौरा विकासखंड के ग्राम पंचायत सानटेमरी में आज सड़क विकास कार्यां का भूमिपूजन किया गया। सांसद रूपकुमारी चौधरी के मुख्य आतिथ्य एवं सरायपाली विधायक चातुरीनंद के विशिष्ट आतिथ्य में कुल 44 सड़कों के निर्माण हेतु भूमिपूजन कार्य किया गया। इन सड़कों की कुल लंबाई 96.495 किलोमीटर है, जिसकी लागत 77 करोड़ 47 लाख 99 हजार रुपए है। भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत पिथौरा की अध्यक्ष उषा धृतलहरे, जनपद सदस्य कंवलजीत सिंह छाबड़ा, पुरुषोत्तम धृतलहरे, बिमला बेहरा, सुमीत अग्रवाल, हलधर साहू, अभिमन्यु प्रधान, रमेश अग्रवाल, कैलाश चंद्र अग्रवाल, ग्राम पंचायत सानटेमरी के सरपंच देवेन्द्र यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी ने भूमिपूजन कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया तथा सभी क्षेत्रवासियों को इस सौगात के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। सांसद चौधरी ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, कृषि उत्पादों के परिवहन में तेजी आएगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य शासन का संकल्प है कि कोई भी गांव विकास से अछूता न रहे। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत सरकार का उद्देश्य हर गांव को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक प्रगति सुनिश्चित हो सके। सांसद श्रीमती चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि इन कार्यां को गुणवत्ता और समय सीमा में पूरा करें, ताकि जनता को इसका शीघ्र लाभ मिल सके। सरायपाली विधायक चातुरीनंद ने विकास के लिए सड़कों को जरूरी बताया और कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुलभ सुविधा आवश्यक है। इन सड़कों के निर्माण से निश्चित तौर पर आवागमन सुगम होगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप ने बताया कि जल्दी ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी और समय सीमा में सड़क निर्माण का कार्य पूरा किया जाएगा। उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी उपलब्धि बताया तथा इसके लिए केन्द्र एवं राज्य शासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है।





























