आवारा गोवंशों की वजह से बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए भारतीय गौ क्रांति मंच के जिलाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह को सौंपा ज्ञापन

नंदकिशोर अग्रवाल, काकाख़बरीलाल @ पिथौरा नगर। नगर पंचायत क्षेत्र में आवारा गोवंशों की वजह से बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए भारतीय गौ क्रांति मंच के जिलाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ने कलेक्टर विनय कुमार लंगेह को ज्ञापन सौंपा है। जिलाध्यक्ष ने नगर पंचायत प्रशासन पर शासन के निर्देशों की अवहेलना करने का गंभीर आरोप लगाते हुए मांग की है कि घुमंतू गोवंशों को सड़कों से हटाकर तत्काल गौठानों में सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने कलेक्टर को अवगत कराया कि सड़कों पर बैठे गोवंशों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिसके लिए नगर पंचायत की लापरवाही जिम्मेदार है। सौरभ अग्रवाल ने ज्ञापन के माध्यम से प्रतिदिन गोवंशों को गौठान ले जाने की पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की और साथ ही जिले में अवैध रूप से संचालित हो रहे पशु बाजारों को तुरंत बंद करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अंदेशा जताया कि इन पशु बाजारों की आड़ में गोवंशों की तस्करी की संभावनाएं बढ़ रही हैं, जिस पर प्रभावी अंकुश लगाना बेहद जरूरी है। इस संवेदनशील मामले पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने गौ-सेवकों को ठोस आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही मुख्य नगरपालिका अधिकार को इस दिशा में उचित कार्यवाही हेतु निर्देशित करेंगे ताकि दुर्घटनाओं और गो-तस्करी जैसी गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सके। इस दौरान भारतीय गौ क्रांति मंच के सचिव राजा अग्रवाल और भारतीय गौ क्रांति मंच पिथौरा से अंशु सिम्हा उपस्थित रहे।




























