शादी का झांसा देकर 5 साल तक किया बलात्कार, बच्चे के जन्म के बाद ब्वायफ्रेंड ने अपनाने से कर दिया इनकार

बलरामपुर(काकाख़बरीलाल)। राजपुर थाना क्षेत्र के एक ग्राम में युवती को शादी का झांसा देकर 5 साल तक बलात्कार करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीडि़ता ने गर्भवती होने के बाद बच्चे को भी जन्म दिया था, इसके बावजूद आरोपी ने उससे शादी करने से इंकार कर दिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरसिंहपुर निवासी 23 वर्षीय अजीत कुमार मरावी पिता श्रीमोहन मरावी का 20 वर्षीय युवती से वर्ष 2014 से प्रेम संबंध था। आरोपी युवती को शादी का झांसा देकर लगातार उसके साथ बलात्कार करता रहा।
इस बीच वर्ष 2019 में युवती गर्भवती हो गई और उसने 1 अप्रैल 2020 को एक बच्चे को भी जन्म दिया। इसके बावजूद आरोपी ने युवती से शादी करने व साथ रखने से इंकार कर दिया।
फिर इसकी रिपोर्ट पीडि़ता ने परिजन के साथ थाने पहुंचकर की। मामले में पुलिस ने धारा 376(2)(ढ) व पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी अजीत कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
कार्रवाई में थाना प्रभारी फर्दीनंद कुजूर, सतीश सोनवानी, कल्पना निकुंज, नरेंद्र कश्यप व अनुपमा कपूर शामिल रहे।
























