सरायपाली : जनपद सदस्य व पंच के रिक्त पदों के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू

सरायपाली (काकाखबरीलाल). ब्लॉक में एक जनपद सदस्य व 3 पंचायतों में 3 पंच के पद रिक्त हैं। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उम्मीदवार 23 दिसंबर तक नामांकन भर सकेंगे। नाम वापसी 26 दिसंबर को होगी और आगामी माह 9 जनवरी को रिक्त पंच व जनपद सदस्य के लिए उपचुनाव होगा। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत केदुआं के वार्ड-3 में अजा महिला के पंच के पद, ग्राम पंचायत भूथिया के वार्ड-8 में अजा महिला के पंच के पद रिक्त हैं। इन दोनों पंचायतों में इस पंचायत कार्यकाल की शुरुआत से ही पद रिक्त है। दरअसल, जिस वार्ड में जिस पंच के पद के लिए आरक्षित सीट है, वहां उस जाति के एक भी मतदाता नहीं हैं और ना ही किसी द्वारा शुरुआत से ही नामांकन दाखिल किया गया था। इसके चलते शुरू से ही दोनों पंचायतों के दोनों वार्ड में पंच के पद रिक्त हैं। इसके अलावा दामोदरहा में वार्ड-2 में पंच की मृत्यु हो जाने से उनका पद रिक्त हो गया है। अजजा मुक्त पंच के लिए पद आरक्षित है। इस तरह जनपद क्षेत्र क्रमांक-9 के सदस्य की भी एक दुर्घटना के दौरान मौत हो जाने पर पद रिक्त है और अजा महिला के लिए पद आरक्षित है।

























