सरायपाली : अंचल के दो शिक्षकाें को पीएचडी की मिली उपाधि

नया रायपुर स्थित कलिंगा विश्वविद्यालय के चतुर्थ दीक्षांत समारोह 18 नवंबर को संपन्न हुआ। इसमे डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी के विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई। इसमें सरायपाली से 2 शिक्षक दीक्षांत समारोह में शामिल हुए।
जहां उन्हें पीएचडी की उपाधि से सम्मानित किया गया। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय राज्यपाल अनुसुइया उइके ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल और छग निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। नया रायपुर स्थित विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह के अवसर पर सभी प्राध्यापकों ने कुलाध्यक्ष के साथ, गणवेश धारण किए हुए शोभायात्रा के रूप में दीक्षांत स्थल में प्रवेश किया। शुभारंभ कुलाध्यक्ष अनुसुइया उइके ने किया। इस अवसर पर कलिंगा विश्वविद्यालय अध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार, कुलाधिपति डॉ. संदीप अरोरा, उपकुलाधिपति डॉ. सज्जन सिंह, ट्रस्टी डॉ. सीमा अरोरा, ट्रस्टी डॉ. शर्मिला, कुलपति डॉ. आर. श्रीधर, महानिदेशक डॉ. बायजू जॉन, कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी और अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. आशा अंभईकर और डीन अकादमिक मामलों प्रोफेसर राहुल मिश्रा की उपस्थिति में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर. श्रीधर के द्वारा दीक्षांत संदेश प्रस्तुत किया गया। उसके बाद दीक्षार्थियों को डिप्लोमा, स्नातक, स्नाकोत्तर और शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि से अलंकृत किया गया। इस समारोह में 2020, 2021 व 2022 बैच में डिग्री प्राप्त करने वाले 218 शोधकर्ताओं को पीएचडी उपाधि प्रदान की गई। सरायपाली से डॉ. अनिल कुमार प्रधान व डॉ.मुकेश कुमार चौधरी को गणित विषय में पीएचडी की उपाधि से राज्यपाल के हाथों प्रदान किया गया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी ने आभार प्रस्तुत किया। मंच संचालन कपिल केलकर विभागाध्यक्ष (फैशन डिजाइनिंग विभाग) ने किया।


























