महांसमुद: लावारिस 12 चक्का ट्रक से 20 लाख का गांजा बरामद

राष्ट्रीय राजमार्ग 53 रेहटीखोल स्थित अंतरराष्ट्रीय चेक पोस्ट के पास खड़े लावारिस 12 चक्का ट्रक से पुलिस ने 100 किलो यानी एक च्ंिटल गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा को जब्त कर लिया है, लेकिन तस्कर नहीं मिले। पुलिस ट्रक के नंबर के जरिए परिवहन विभाग से संपर्क कर रही है। इसके बाद उसके मालिक से पूछताछ करेगी और चालक तक पहुंचेगी।
बताया जा रहा है कि ट्रक बिलासपुर पासिंग है। कयास लगाया जा रहा है कि ट्रक सामान छोडऩे ओडिशा गया रहा होगा और वहां से गांजा लेकर आ महासमुंद के रास्ते गुजरने का इरादा था, लेकिन पुलिस की तगड़ी व्यवस्था देख आरोपी ट्रक छोडक़र भाग निकले। जब्त गांजे की कीमत 20 लाख रुपए एवं ट्रक की कीमत 10 लाख रुपए है।
सिंघोड़ा थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि 12 अप्रैल को चेक पोस्ट एनएच 53 रेहटीखोल के पास टीम बुधवार को भी चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान चेक पोस्ट से 100 मीटर दूरी पर ट्रक क्रमांक सीजी 10 सी 8715 खड़ा था।
टीम ने देखा कि सभी गाड़ी ओडिशा की ओर से छग में प्रवेश कर रही है, लेकिन यह ट्रक पिछले आधे घंटे से वहीं खड़े है। इस पर टीम को शक हुआ और ट्रक के पास पहुंचे तो देखा कि ट्रक में न तो चालक है और ना ही परिचालक। आसपास होटल व ढाबे में चालक परिचालक के संबंध में पूछताछ भी की गई, लेकिन उनका पता नहीं चला। उसके बाद ट्रक में तलाशी ली तो एक तिरपाल पड़ा हुआ था, जिसमें 100 किलो गांजे को ढंका गया था।

























