महांसमुद: तीन थाना क्षेत्रों में एक ही दिन में चोरी के तीन मामले चोर ने 3.45 लाख नगदी सहित जेवरात और अन्य सामाग्री पर बोला धावा

जिले के तीन थाना क्षेत्रों में एक ही दिन में चोरी के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। इन तीनों ही स्थानों पर अज्ञात चोर ने 3.45 लाख नगदी सहित जेवरात और अन्य सामाग्री की चोरी की है। पुलिस तीनों ही मामलों में अज्ञात के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर जांच में जुट गई है। सिंघोड़ा थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि सिंघोड़ा में एनएच-53 के किनारे जयप्रकाश का घर है। घर पर ही उसका मेडिकल दुकान संचालित है। यहां वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता है। घर के पास ही 27अप्रैल को ट्रांसफॉर्मर जल गया। इसके चलते गर्मी से परेशान जयप्रकाश नायक रोज रात में दुकान बंद करके पत्नी और बच्चों के साथ अपने गृह ग्राम दर्रीपाली सोने के लिए चला गया था। सुबह आया तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। घर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब थे।
इसी तरह जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में एक मकान से 1.40 लाख रुपए के जेवरात और नगदी की चोरी का मामला सामने आया है। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 29 अप्रैल की रात 10.30 से 30 अप्रैल सुबह 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। प्रार्थी मनहरण सिन्हा ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई है।
वहीं तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बिरबिरा निवासी यशवंत यादव की शिकायत के अनुसार 29 अप्रैल की रात 10 बजे परिवार खाना खाने के बाद सोने चला गया। बीच वाले कमरे में प्रार्थी की मां और बहन सोए हुए थे। रात करीब 2.30 बजे जब यशवंत उठा तो देखा की बीच वाले कमरे सहित बाहर का मुख्य दरवाजा खुला है। यशवंत ने कमरे के भीतर आलमारी को देखा तो उसका लॉकर खुला हुआ था और उसमें रखा जेवर गायब था। नगदी व जेवर समेत कुल 55 हजार रुपए की चोरी हुई है।























