
काकाखबरीलाल महासमुंद, 03 जनवरी 2019 कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन ने आज यहां महासमुंद विकासखंड के तुमगांव जल आवर्धन प्रदाय योजना, ग्राम परसाडीह वितरक नहर निर्माण कार्य तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान इस दौरान अपर कलेक्टर श्री आलोक पाण्डेय, एसडीएम श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एसबी मंगरूलकर, खाद्य अधिकारी श्री अजय यादव, सिंचाई विभाग के ईई श्री आरएस कोष्ठा, लोक निर्माण विभाग के श्री. आर.के खाम्हरा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री रमन उराव, जिला शिक्षा अधिकारी श्री. बीएल कुर्रे, सीसीबी के नोडल अधिकारी श्री डी.एल. नायक, डीआरसीएस श्री आरडी कुलहाड़ा, जिला विपणन अधिकारी श्री सुनील राजपूत विशेष रूप से उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री जैन ने तुमगांव आवर्धन जल प्रदाय योजना के निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यपालन अभियंता श्री रमन उराव ने बताया कि इस जल प्रदाय योजना को मुख्य रूप से 30 वर्ष के समय को ध्यान में रखकर निर्माण कराया जा रहा है। इस योजना के पूर्ण होने पर तुमगांव के पेयजल समस्या दूर हो जाएगी। तुमगांव में जल शुद्धीकरण संयंत्र का भी निर्माण कराया जा रहा है, जिसका कलेक्टर ने निरीक्षण किया। बताया गया कि इस योजना की कुल लागत 9 करोड़ 30 लाख रूपए है और इससे लगभग 17 हजार की आबादी लाभान्वित होगी। लगभग 19 लाख लीटर पानी की आपूर्ति की जा सकेगी। कलेक्टर श्री जैन ने इस जल प्रदाय योजना को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री जैन ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के श्री आर.के. खाम्हरा ने बताया कि इस भवन निर्माण के लिए 16 करोड़ रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई हैं। यहां बालक छात्रावास, बालिका छात्रावास, प्राचार्य आवास, यूडीटी क्वार्टर, सीसी रोड़ निर्माण, बाउंड्रीवाल निर्माण सहित ट्यूवेल लगाया जाएगा। वर्तमान में बालक छात्रावास भू तल, प्रथम तल एवं द्वितीय तल स्लेब कार्य पूरा हो चुका है। फिनिसिंग कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा कन्या छात्रावास भू तल, प्रथम तल एवं द्वितीय तल स्लेब कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा अन्य सभी कार्य प्रगति पर है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री जैन परसाडीह वितरक नहर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री कोष्ठा ने बताया कि वितरक नहर का कुल क्षेत्र लगभग 12 किमी है, जिसके लिए 6 करोड़ 32 लाख रूपए की स्वीकृति दी गई है। इस वितरक नहर के पूर्ण होने पर एक हजार एक सौ 61 हेक्टेयर कृषि भूमि की सिंचाई होगी, इससे परसाडीह, मालीडीह, पिरदा, कौआझर, गुडरूडीह एवं बिरबिरा गांव के किसान लाभान्वित होंगे और उनके खेतों को पानी मिलेगा।





























