धरा गया ‘चिमकी’ का चोर:नंबर की जगह बाइक पर लिखा था नाम

छत्तीसगढ़ के धमतरी में सोमवार को पुलिस ने एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी बाइक चोरी करने के बाद घूमने के लिए निकला था। बाइक पर नंबर की जगह ‘चिमकी’ नाम लिखा देखा तो पुलिस ने रोक लिया। जांच के दौरान पता चला कि बाइक चोरी की है। इसके बाद पुलिस ने बाइक जब्त कर ली। अब पुलिस बाइक के असली मालिक की तलाश कर रही है। मामला कुरूद थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी को सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक से घूम रहा है। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सरोजनी चौक बस स्टैंड के पास बाइक सवार को रोक लिया। पुलिस ने पूछताछ की तो अपना नाम मोहित ध्रुव (19) और खुद का पता गोड़पारा, बजरंग चौक का रहने वाला बताया। पुलिस ने बाइक चेक की तो बिना नंबर की थी। उस पर अंग्रेजी में चिमकी लिखा था।
अब मालिक को तलाश कर रही पुलिस
पुलिस ने उससे बाइक के संबंध में पूछताछ की तो ठीक से जवाब नहीं दिया। बाइक के कागज मांगे तो नहीं दिखा सका। इस पर पुलिस ने सख्ती से पूछा तो मोहित ने बताया कि उसने बिना नंबर की हीरो स्पलेंडर बाइक चोरी की है। इसे चोरी करने के बाद वह घूमने के लिए निकला था। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बाइक कहां से चोरी की गई है। पुलिस अब बाइक मालिक की तलाश में जुटी है। इस संबंध में आसपास जानकारी जुटाई जा रही है।


























