मां से हुई बहस के बाद बेटे को आया गुस्सा, 75 साल की बुजुर्ग महिला की कुदाली से मारकर कर दी हत्या

मुंगेली(काकाखबरीलाल)। जिले में एक बुजुर्ग महिला की हत्या की जानकारी पुलिस को मिली। इस मामले में बेटा ही अपनी मां का हत्यारा निकला। जब पुिलस घटना स्थल पर पहुंची तो गांव वालों से आरोपी बेटे को पकड़ रखा था। पुलिस ने शुरूआती जांच के बाद 75 साल की बुजुर्ग महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह वारदात सिटी कोतवाली थाना इलाके के गांव दल्लापुर की है।
गांव वालों को हुआ शक
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बेटे का नाम ताम सिंह है। गांव वालों से पूछताछ करने पर पता चला कि ताम सिंह मां को मारकर बदहवास हालत में गांव की गलियों में घूम रहा था। लोगों ने वजह जानने की कोशिश की। ताम सिंह ने ग्रामीणों से कुछ नहीं कहा, वह अपने घर की तरफ गया। पीछे-पीछे कुछ ग्रामीण भी गए। लोगों ने देखा कि ताम सिंह की मां मृत पड़ी थी। महिला के सिर पर चोट के निशान थे आस-पास खून बिखरा था। ताम सिंह ने कह दिया कि उसी ने हत्या की है। इसके बाद जानकारी पुलिस को दी
सेवा करके तंग आ चुका था
कोतवाली पुलिस ने आरोपी से पूछताछ करने पर उसने कहा कि बूढ़ी मां की सेवा करते हुए वह परेशान हो चुका था। इसी बात को लेकर सोमवार की सुबह उसका, मां के साथ झगड़ा हुआ था। घर पर रखी कुदाली से गुस्से में ताम ने मां पर वार कर दिया। आरोपी की पत्नी और बच्चे रक्षाबंधन त्योहार की वजह से रिश्तेदार के घर गए हुए हैं। आरोपी मां के साथ अकेले ही घर पर रह रहा था।
























